अमित शाह की आतंकियों को चेतावनी – पहलगाम हमला आखिरी नहीं, हर आतंकी को मिलेगा जवाब
दिनाँक 01/05/2025 नई दिल्ली
नई दिल्ली, 2 मई 2025 – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को यह गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए कि उन्होंने 27 निर्दोष नागरिकों की हत्या कर कोई जंग जीत ली है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। एक कार्यक्रम में बोलते हुए शाह ने कहा, “पहलगाम में निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले हर आतंकवादी को ढूंढकर सजा दी जाएगी। नरेंद्र मोदी की सरकार आतंकवाद को जड़ से खत्म करेगी। आतंकियों को करारा जवाब मिलेगा।”
शाह ने बताया कि केंद्र सरकार “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने 90 के दशक से जारी आतंकवाद का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश बदल चुका है, अब हम हर हमले का जवाब देंगे – चाहे वह कश्मीर हो, नॉर्थ ईस्ट हो या माओवादी इलाका।
उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, “अगर कोई सोचता है कि कायराना हमला करके वह जीत गया है, तो समझ ले यह मोदी सरकार है – कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। देश के हर इंच से आतंकवाद का सफाया हमारा संकल्प है।”
बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्मा को श्रद्धांजलि
अमित शाह ने यह बात असम के महान नेता बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्मा की प्रतिमा और उनके नाम पर एक सड़क के उद्घाटन कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बोडो समुदाय ही नहीं, बल्कि सभी छोटी जनजातियों के लिए गर्व का क्षण है।
उन्होंने कहा, “बोडोलैंड और असम एक-दूसरे को स्वीकार करते हैं। आपके पास भी इस देश पर उतना ही अधिकार है जितना मेरे पास। हीन भावना की कोई जरूरत नहीं है।”
उन्होंने बताया कि 2020 में बोडो समझौता हुआ था और उसमें किए गए 96% वादों को पूरा कर दिया गया है। अब बोडोलैंड के लोग मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं और हथियार छोड़ चुके हैं।
यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश में आतंकवाद पर एक बार फिर गंभीर बहस छिड़ी हुई है और केंद्र सरकार इसका सख्त जवाब देने की रणनीति पर काम कर रही है।
