दिनाँक 22/04/2025 नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिला दिया है। इस हमले में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इस घटना के बाद पूरे देश में गुस्से और दुख का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। वह इस समय सऊदी अरब दौरे पर हैं, लेकिन वहीं से उन्होंने इस घटना पर दुख जताया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा,
“मैं पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके साथ मेरी पूरी संवेदना है। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। सभी प्रभावितों को हर तरह की मदद दी जा रही है। इस जघन्य अपराध में जो भी शामिल है, उसे सजा जरूर मिलेगी। आतंकियों का नापाक इरादा कभी सफल नहीं होगा। आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प और भी मजबूत हो गया है।”
प्रधानमंत्री ने हमले के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री खुद मौके पर जाकर जांच और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करें।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी हमले की कड़ी निंदा करते हुए लिखा,
“पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले से बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। इस हमले में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाएगा, दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।”
शाह ने यह भी बताया कि वह जल्द ही श्रीनगर जाकर सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस हमले को कायराना हरकत बताया और कहा कि निर्दोष नागरिकों पर हमला किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरकार की ओर से घायलों और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देने की बात कही गई है। वहीं सुरक्षा एजेंसियों को हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।







