लखनऊ में सीएम योगी ने ऑल इंडिया पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2024-25 का किया उद्घाटन
दिनाँक 07/04/2025 नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में ऑल इंडिया पुलिस हैंडबॉल क्लस्टर 2024-25 का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ मनोरंजन का जरिया नहीं, बल्कि एक स्वस्थ जीवनशैली की नींव भी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश को इस राष्ट्रीय खेल आयोजन की मेजबानी का मौका दिया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देशभर से 75 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल भारतीय संस्कृति का हिस्सा हैं और प्रधानमंत्री मोदी ने देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभाई है।
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पिछले 5 सालों में राज्य सरकार ने 500 से ज्यादा खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया है। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और जोश बढ़ा है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 91 करोड़ रुपये की लागत से कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
