महाकुंभ में भगदड़ के बाद, मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए: श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं होगा
“मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यातायात किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए, चाहे वह महाकुंभ मेला क्षेत्र हो या प्रयागराज से बाहर जाने वाले रास्ते।”
दिनाँक 29/01/2025 नई दिल्ली
प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान मौनी अमावस्या स्नान के समय हुई भगदड़ के बाद, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक की और सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि यातायात किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए, चाहे वह महाकुंभ मेला क्षेत्र हो या प्रयागराज से बाहर जाने वाले रास्ते। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सबसे ऊपरी प्राथमिकता बताते हुए सभी व्यक्तियों को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रशासन को सौंपी।
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज के रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भारी भीड़ जमने से रोकने के लिए अधिक मेला स्पेशल ट्रेनें और परिवहन निगम की अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को रेलवे से समन्वय बनाकर ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित करने और परिवहन व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए कहा। यात्रा मार्गों पर किसी भी प्रकार का जाम न लगने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और ट्रैफिक को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने अयोध्या, वाराणसी, मिर्जापुर और चित्रकूट प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा क्योंकि महाकुंभ के श्रद्धालु इन शहरों में भी दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने सीमावर्ती जिलों को प्रयागराज प्रशासन के साथ तालमेल बनाए रखने का निर्देश दिया ताकि आवागमन बाधित न हो।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए होल्डिंग एरिया में पर्याप्त भोजन और पेयजल की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि कोई भी व्यक्ति भूखा-प्यासा न रहे और बिजली आपूर्ति बाधित न हो। आगामी 3 फरवरी को बसंत पंचमी के दिन अमृत स्नान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और डीजीपी को खुद प्रयागराज में व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के लिए कहा। उन्होंने आदेश दिया कि बसंत पंचमी पर सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी हर जरूरत का विशेष ध्यान रखा जाए।
महाकुंभ में व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बड़े बदलाव किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कुंभ 2019 के दौरान प्रयागराज के मंडलायुक्त रहे आशीष गोयल और एडीए के तत्कालीन वीसी भानु गोस्वामी को फिर से तैनात किया है। इसके अलावा, पांच विशेष सचिव स्तर के अधिकारी भी 12 फरवरी तक प्रयागराज में मौजूद रहेंगे और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करेंगे।
