राम मंदिर की पहली वर्षगांठ: CM योगी ने रामलला के चरणों में शीश झुकाया, कहा- राम हैं तो राष्ट्र है,
“CM योगी ने कहा कि पहले अयोध्या में साफ-सफाई नहीं थी और न ही कोई एयरपोर्ट था। लेकिन आज अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। यहां फोर-लेन और सिक्स-लेन सड़कें बनाई गई हैं, और सरयू नदी के घाट अब देशभर के पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं।”
दिनाँक 11/01/2025 नई दिल्ली
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री राम मंदिर में पूजा की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर सभी को शुभकामनाएँ देता हूँ। उन्होंने याद किया कि एक साल पहले, 500 साल के लंबे इंतजार के बाद, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया गया था।
योगी ने बताया कि हर दिन अयोध्या में औसतन 1.5 से 2 लाख श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। 2014 से पहले अयोध्या में न बिजली थी, न सफाई, और न ही एयरपोर्ट। लेकिन आज अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है। फोर-लेन और सिक्स-लेन सड़कें बन चुकी हैं, और सरयू नदी के घाट देशभर से पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने सभी से जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर बंटने से बचने और एकजुट रहने की अपील की, क्योंकि इन विभाजनों का असर सबसे पहले धार्मिक स्थलों पर पड़ता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के उस कथन को दोहराया कि “राम हैं तो राष्ट्र है, और राष्ट्र है तो राम हैं।”राम मंदिर ट्रस्ट ने इस पहली वर्षगांठ को मनाने के लिए 11 से 13 जनवरी तक अयोध्या में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की योजना बनाई है। इन कार्यक्रमों में राम कथा, राम लीला, और कई धार्मिक अनुष्ठान शामिल होंगे। प्रसिद्ध कलाकार मालिनी अवस्थी, अनुराधा पौडवाल, और कुमार विश्वास जैसे दिग्गज इस उत्सव का हिस्सा होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मौके पर शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने लिखा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर देशवासियों को शुभकामनाएँ। यह मंदिर सदियों के त्याग, तपस्या और संघर्ष का प्रतीक है और हमारी संस्कृति और अध्यात्म की महान धरोहर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह भव्य राम मंदिर विकसित भारत के सपने को साकार करने की प्रेरणा बनेगा।
