Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

26/11 मुंबई हमलों के साजिशकर्ता अब्दुल रहमान मक्की की दिल का दौरा पड़ने से मौत

“हाफिज अब्दुल रहमान मक्की की मौत दिल का दौरा पड़ने से हो गई। मक्की लश्कर का वांछित आतंकवादी था और लश्कर नेता हाफिज सईद का साला था”

दिनाँक 27/12/2024 नई दिल्ली

हाफिज अब्दुल रहमान मक्की, जो 26/11 मुंबई हमलों के कथित मास्टरमाइंड हाफिज सईद का रिश्तेदार और प्रतिबंधित जमात-उद-दावा का उपप्रमुख था, का निधन हो गया। मक्की की मौत शुक्रवार को लाहौर में दिल का दौरा पड़ने से हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मक्की पिछले कुछ दिनों से बीमार था और लाहौर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। उसका शुगर लेवल काफी बढ़ा हुआ था।

मक्की लश्कर-ए-तैयबा का एक वांछित आतंकवादी था और भारत में कई आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा। उसने 26/11 मुंबई हमलों के लिए आतंकवादियों को फंड मुहैया कराया था। इस हमले में 166 लोग मारे गए थे। इसके अलावा, मक्की 2000 के लाल किला हमले में भी शामिल था, जहां लश्कर के आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर हमला किया था।

मई 2019 में मक्की को पाकिस्तान में गिरफ्तार किया गया और लाहौर में नजरबंद रखा गया। 2020 में एक पाकिस्तानी अदालत ने उसे आतंकी वित्तपोषण के मामलों में दोषी ठहराया और आजीवन कारावास की सजा सुनाई। जनवरी 2023 में, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने मक्की को ‘वैश्विक आतंकवादी’ घोषित किया। इसके तहत उसकी संपत्ति जब्त कर ली गई और उस पर यात्रा और हथियार रखने पर प्रतिबंध लगाया गया।

मक्की लंबे समय से भारत की सुरक्षा एजेंसियों की रडार पर था और उसकी आतंकी गतिविधियों के कारण उसे खतरनाक माना जाता था।