किसानों का आंदोलन तेज, 30 दिसंबर को पंजाब बंद का ऐलान, सिर्फ आपातकालीन सेवाएं रहेंगी जारी

“पंडेर ने बताया कि व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों, कर्मचारी संघों, टोल प्लाजा कर्मचारियों, मजदूरों, पूर्व सैनिकों, सरपंचों, शिक्षकों और कई सामाजिक संगठनों सहित अन्य वर्गों ने बंद का समर्थन किया है”

दिनाँक 26/12/2024 नई दिल्ली

किसान मजदूर संघर्ष समिति के नेता सरवन सिंह पंधेर ने 30 दिसंबर को पंजाब बंद का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि यह बंद सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। बंद को राज्यभर के व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों, कर्मचारी संगठनों, टोल प्लाजा कर्मचारियों, मजदूरों, पूर्व सैनिकों, सरपंचों, शिक्षकों और अन्य सामाजिक संगठनों का समर्थन मिला है।पंधेर ने कहा कि इस दौरान सरकारी और निजी कार्यालय बंद रहेंगे, रेल और सड़क यातायात प्रभावित होगा, लेकिन आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। उन्होंने बताया कि यह कदम केंद्र सरकार पर किसानों की मांगें मानने के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

किसान संगठनों की प्रमुख मांगों में फसलों के लिए एमएसपी पर कानूनी गारंटी, कर्ज माफी, किसानों और मजदूरों के लिए पेंशन, बिजली दरों में बढ़ोतरी न करना, पुलिस मामलों की वापसी और लखीमपुर खीरी हिंसा के पीड़ितों को न्याय दिलाना शामिल है।

इस बंद का फैसला संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने लिया था। बंद को सफल बनाने के लिए संगठनों ने खनौरी विरोध स्थल पर ट्रांसपोर्टरों, कर्मचारियों और व्यापारियों के साथ बैठक भी की थी। किसान नेता पंधेर ने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी मांगों को अब तक नजरअंदाज किया गया है।

More From Author

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन, दिल्ली AIIMS में ली आखिरी सांसे

ED कार्यालय पहुंचे संजय सिंह, प्रवेश वर्मा और मनजिंदर सिरसा पर पैसे बांटने का आरोप