दिनाँक 29/07/2025 नई दिल्ली
भारत की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो और अमेरिका की नासा मिलकर एक खास उपग्रह ‘निसार’ को कल शाम लॉन्च करने जा रही हैं। यह लॉन्च श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से GSLV-F16 रॉकेट के जरिए किया जाएगा।
‘निसार’ (NISAR) इसरो और नासा का पहला साझा उपग्रह मिशन है, जिसका मकसद पृथ्वी की सतह पर होने वाले छोटे-बड़े बदलावों पर लगातार नज़र रखना है। इसका वजन करीब 2392 किलोग्राम है और इसे 743 किलोमीटर ऊंचाई पर सूर्य-समकालिक कक्षा में स्थापित किया जाएगा।
यह उपग्रह दो अलग-अलग रडार तकनीकों से लैस है – नासा का एल-बैंड और इसरो का एस-बैंड। ये तकनीकें मिलकर हर मौसम में, दिन-रात काम कर सकती हैं और 242 किलोमीटर तक का क्षेत्र कवर कर सकती हैं। यह उपग्रह हर 12 दिन में पृथ्वी का नया डेटा भेजेगा।
निसार उपग्रह से ज़मीन में होने वाले छोटे बदलाव, बर्फ की हलचल, जंगलों में बदलाव, तूफानों की निगरानी, समुद्री बर्फ की पहचान और आपदाओं से जुड़े हालात की बेहतर जानकारी मिल सकेगी। इसके डेटा से आपदा प्रबंधन और पर्यावरण सुरक्षा में बड़ी मदद मिलेगी।
इस प्रोजेक्ट को तैयार करने में इसरो और नासा को 10 साल से ज़्यादा का समय लगा है। यह दोनों एजेंसियों के बीच मजबूत वैज्ञानिक साझेदारी का बेहतरीन उदाहरण है।


