“मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के 32वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मेवाड़ का ये क्षेत्र शक्ति और भक्ति का अनूठा संगम है”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि विद्यार्थियों को जीवन में नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। दो दिन के दौरे पर राजस्थान पहुंची राष्ट्रपति ने आज उदयपुर में मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के 32वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मेवाड़ का ये क्षेत्र शक्ति और भक्ति का अनूठा संगम है। विद्यार्थियों को मेवाड़ के इतिहास का अध्ययन करना चाहिए, इससे उन्हें भारत की गौरवशाली परम्पराओं के बारे में जानकारी मिलेगी।
राष्ट्रपति ने पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उदयपुर पहुंचने पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े और पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने श्रीमती मुर्मू का स्वागत किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहे। दो दिन के दौरे के तहत राष्ट्रपति आज शाम सिरोही जिले के आबूरोड़ के मानपुर हवाई पट्टी पहुंचेंगी। यहां से वे शान्तिवन के मानसरोवर जाएंगी। मानसरोवर में ब्रह्माकुमारी संस्थान के पदाधिकारी राष्ट्रपति से मुलाक़ात करेंगे। कल राष्ट्रपति वहां पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेंगी।
इसके बाद शान्तिवन में उनका वैश्विक शिखर सम्मेलन में भाग लेने का कार्यक्रम है। श्रीमती मुर्मू बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम भी जाएंगी, जहां वे राज्य सरकार की ओर से आयोजित आदि गौरव सम्मान समारोह में शामिल होंगी।


