मुकेश अंबानी भी $100 अरब क्लब से बाहर,गौतम अडानी को भी झटका
“सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। इससे देश के दो सबसे बड़े रईसों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की नेटवर्थ में भी जबरदस्त गिरावट देखने को मिली”
नई दिल्ली: हफ्ते के पहले दिन दुनिया के अधिकांश शेयर बाजारों में गिरावट रही। इस कारण दुनिया के टॉप 10 अमीरों में से नौ की नेटवर्थ में गिरावट आई। भारत में भी शेयर बाजार में काफी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स में 942 अंक और निफ्टी में 309 अंक की गिरावट रही। इससे देश के दो सबसे बड़े रईसों मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की नेटवर्थ में भी जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। इन दोनों की नेटवर्थ में सोमवार को कुल 4.78 अरब डॉलर यानी करीब 4,02,20,11,67,686 रुपये की गिरावट रही। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में करीब तीन फीसदी की गिरावट से अंबानी को 2.72 अरब डॉलर का फटका लगा। इसी तरह अडानी की नेटवर्थ में 2.06 अरब डॉलर की गिरावट आई।
इस हफ्ते बाजार शुरू होते ही घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का असर मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों पर पड़ा. रिलायंस के शेयर 3 फीसदी गिरकर 1298.50 रुपये पर आ गए. मुकेश अंबानी की संपत्ति में 2.72 अरब डॉलर की गिरावट आई है. इसके साथ ही अंबानी 100 अरब डॉलर क्लब से बाहर हो गए हैं. फिलहाल, ब्लूमबर्ग इंडेक्स के मुताबिक उनकी संपत्ति 98.8 अरब डॉलर है।
