Satvik Samachar

सत्य और भरोसे की खबर

बाढ़ और भूस्खलन से नेपाल में तबाही का मंजर, 239 लोगों की मौत

“बाढ़ और भूस्खलनों से नेपाल में 239 लोग मारे गए, 18 लापता हैं। कई घर, पावर प्लांट और सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुईं। राहत कार्य जारी हैं”

काठमांडू, अक्टूबर 5:

 नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन का कहर जारी है। नेपाल में बाढ़ में मरने वालों की संख्या 239 हो गई है। पिछले सप्ताह आई बाढ़ और भूस्खलनों में अब तक 178 लोग घायल भी हुए हैं।

बाढ़ और भूस्खलनों के कारण कई घर, पावर प्लांट और सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। आपदा के बाद राहत कार्यों में 17,120 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत सामग्री का वितरण और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए प्रयास जारी हैं।

नेपाल के प्रधानमंत्री के आपदा राहत फंड में शनिवार को और मदद मिली। भारतीय कंपनियों जैसे ओरिएंटल इंश्योरेंस, LIC नेपाल और नेपाल SBI बैंक ने बाढ़ और भूस्खलन के पीड़ितों की सहायता के लिए योगदान दिया है।

भारतीय दूतावास ने X पर पोस्ट करते हुए कहा , “LIC नेपाल, नेपाल SBI बैंक और ओरिएंटल इंश्योरेंस ने नेपाल के प्रधानमंत्री आपदा राहत फंड में मदद की है ताकि पीड़ितों की सहायता की जा सके।”