“कैथल के उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बताया कि अब तक जिले में धान की फसल के अवशेष जलाने के 123 मामले सामने आए”
हरियाणा पुलिस ने पराली जलाने के मामले में 4 किसानों को गिरफ्तार किया है। कैथल के उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने बताया कि अब तक जिले में धान की फसल के अवशेष जलाने के 123 मामले सामने आए हैं। इनमें से 63 में मामलों की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि पराली जलाने वालों पर एक लाख 57 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा 11 मामले दर्ज किए गए हैं । उन्होंने कहा कि पराली जलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि कैथल में पराली जलाने वाले 43 किसानों का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर लाल इंदराज भी किया गया है। इन किसानों की जमाबंदी में लाल निशान लगा दिए गए हैं। अब ये किसान आगामी 2 सीजन तक अपनी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मंडियों में नहीं बेच पाएंगे।उन्होंने बताया कि प्रदूषण के कारण कैथल में वायु गुणवत्ता का सूचकांक भी 372 के पार पहुंच गया है। इसकी वजह से शहर की आबो-हवा बहुत खराब हो गई है। लोगों आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत कर रहे हैं।


